जागरण संवाददाता, उन्नाव : कोरोना संक्रमित होने वाले मरीजों का ग्राफ भले ही गिर रहा हो लेकिन अभी मौतों का ग्राफ कम नहीं हो पा रहा है। शनिवार को जिले में कोरोना से एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें चार की मौत सरस्वती मेडिकल कालेज एल-टू कोविड हॉस्पिटल में और एक की मौत लखनऊ मेडिकल कालेज में हुई। जबकि पहले से संक्रमित चल रहे 284 लोग स्वस्थ हुए हैं। सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि शनिवार को कोरोना से पड़री खुर्द निवासिनी 60 वर्षीय महिला, बैदरा खरौली निवासी 53 वर्षीय पुरुष , आदर्शनगर निवासी 42 वर्षीय युवक और हसनगंज निवासी 60 वर्षीय वृद्ध की मौत सरस्वती मेडिकल कॉलेज में हुई। जबकि पुरवा नगर के मोहल्ला पश्चिम टोला निवासी कोरोना पीड़ित 25 वर्षीय युवक की लखनऊ मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आज जिले में 3046 लोगों की कोविड जांच कराई गई जिसमें 72 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक शहर में 16 लोग संक्रमित मिले हैं। उधर स्वस्थ होने वालों में 10 को सरस्वती मेडिकल कालेज कोविड हॉस्पिटल से डिस्चार्ज किया गया, जबकि होमआइसोलेशन में रहे 271 और तीन दूसरे जनपद के कोविड हॉस्पिटल से स्वस्थ हुए हैं।
जागरण टीम, उन्नाव: शनिवार को जिले भर में हुए सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई। वहीं छह लोग गंभीर घायल हो गए। इसमें बेहटा मुजावर व माखी थानाक्षेत्रों के अलवा सदर कोतवाली अंतर्गत हाइवे पर हादसे हुए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंजमुरादाबाद के बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र के गांव दीनाखेड़ा निवासी रामदेवी पत्नी रामखेलावन शनिवार भोरपहर जानवरों को चारा करने के बाद गांव स्थित गोड़े से घर जा रही थी। तभी कुमेर खेड़ा-मुस्तफाबाद मार्ग पर गेहूं लेकर मंडी जा रहे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसओ अजय राज वर्मा ने स्वजन को समझा-बुझाकर शांत कराया। एसओ ने बताया कि मृतका के पति रामखेलावन की तहरीर पर ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं गंजमुरादाबाद नगर के मोहल्ला हटिया निवासी सचिन साइकिल से हरदोई मार्ग स्थित विद्युत सब स्टेशन गया था। वहां से जैसे ही वह बांगरमऊ की ओर निकला तभी पीछे से बाइक सवार राहुल निवासी मोहल्ला दरगाह शरीफ ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया। दूसरी घटना में हरदोई जिला के थाना बिलग्राम अंतर्गत गांव चिरंजीव पुरवा निवासी सर्वेश पुत्र बृजलाल बाइक से रिश्तेदारी कन्नौज जा रहा था। जैसे ही वह बिल्लौर मार्ग स्थित भुड्डा गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार उछल कर दूर जा गिरा और गंभीर घायल हो गया। ------------
जागरण संवाददाता, उन्नाव : शनिवार को भी कोविड वैक्सीनेशन कराने के लिए लोगों में जागरूकता नजर आई। कई सेंटरों पर समय से पहले ही टीकाकरण बंद हो गया इससे कुछ लोगों को वापस भी लौटना पड़ा। जिले के 43 सेंटरों पर 1985 का वैक्सीनेशन किया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि लक्ष्य के सापेक्ष पचास फीसदी टीकाकरण हुआ है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक शहर पीएचसी पर 369 और सबसे कम हिलौली में मात्र 8 टीका लगाए गए। जिला पुरुष अस्पताल में 1580 और जिला महिला अस्पताल में 149 लोगों ने कोविड वैक्सीनकराया। प्रतिरक्षण अधिकारी ने सभी से कोविड वैक्सीनेशन कराने की अपील की है।